रिकांगपिओ (किन्नौर)। जनजातीय जिला किन्नौर में कोरोना वायरस के मामले बढ़ने के कारण प्रशासन ने शनिवार और रविवार को बाजार को बंद करने के फरमान जारी किए हैं। इसी कड़ी में शनिवार को किन्नौर के सभी बाजार बंद रहे। हालांकि इस दौरान बसों की आवाजाही सामान्य रही, मगर बसों में यात्रियों की संख्या बहुत कम दिखाई दी। वहीं निजी वाहनों की आवाजाही भी कम ही रही।
लोगों ने भी बंद का समर्थन करते हुए बाजारों में कम ही दिखाई दिए। व्यापार मंडल अध्यक्ष सूरजभान ठाकुर ने कहा कि शनिवार को रिकांगपिओ बाजार पूरी तरह से बंद रहा है, सिर्फ स्थानीय दूध विक्रेताओं ने सुबह 3 क्विंटल दूध और शाम के समय पत्रों बेचे। अध्यक्ष सूरज भान ने बताया कि प्रदेश सरकार के शनिवार और रविवार को बंद के फैसले का हम पूरी तरह समर्थन करते हैं। उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल ने कोरोना महामारी के बढ़ते मामलों को देखते हुए उपायुक्त किन्नौर के साथ बैठक कर बाजार की सभी दुकानों को शाम साढ़े 7 बजे से सुबह 7 बजे तक बंद रखने का समर्थन किया है।
उन्होंने कहा कि अगर भविष्य में भी कोरोना के मामलों को बढ़ते देख बाजार बंद करना पड़े, तो व्यापार मंडल सरकार और जिला प्रशासन के निर्णय का समर्थन करेंगे। डीएसपी राजू ने कहा कि किन्नौर में 29 और 30 अप्रैल को मास्क नहीं पहनने पर 18 व्यक्तियों के चालान काटे गए हैं। जिले में कानून व्यवस्था को बनाए रखने और कोई अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस को पूरी तरह से चौकस है।
उपायुक्त किन्नौर हेमराज बैरवा ने कहा कि किन्नौर के तीनों ब्लॉकों में शनिवार को बाजार बंद रहे। किसी भी खंड से कोई अप्रिय घटना का समाचार नहीं आया है।