रामपुर। विधायक अब्दुल्ला आजम खां के दो जन्म प्रमाण पत्रों को लेकर दर्ज रिपोर्ट के बाद पुलिस ने जांच शुरु कर दी है। इसको लेकर जांच अधिकारी नगर पालिका गए, जहां पालिका के रजिस्ट्रार एवं लिपिक से पूछताछ की। यहां रिकार्ड जलने की बात सामने आई है।
भाजपा लघु उद्योग प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय संयोजक आकाश सक्सेना का आरोप है कि स्वार टांडा विधायक अब्दुल्ला आजम खां के दो दो जन्म प्रमाण पत्र हैं। हलफनामा मांगने पर नगर पालिका ने बताया कि रिकार्ड शार्ट सर्किट के कारण लगी आग में जल गया है, जिस कारण रिकार्ड उपलब्ध नहीं हो सकता। इसके बाद उन्होंने पूर्व मंत्री आजम खां, उनकी पत्नी राज्यसभा सदस्य तजीन फात्मा एवं पुत्र अब्दुल्ला आजम खां के खिलाफ गंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिस पर पुलिस ने जांच शुरु कर दी है। कोतवाल नरेन्द्र कुमार त्यागी जांच के लिए नगर पालिका पहुंच गए, जहां उन्होंने रजिस्ट्रार टीपी वर्मा, जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र पटल के लिपिक सलीम के बयान दर्ज किए रिकार्ड को लेकर भी पूछताछ की, जिसमें उन्होंने बताया कि आग लगने की वजह से रिकार्ड जल गया था, जिस कारण उपलब्ध नहीं है। इसके अलावा भी तमाम बिंदुओं पर पूछताछ की गई। करीब एक घंटे की जांच के बाद पुलिस निकल गई। कोतवाल ने बताया कि जांच जारी है।