रामपुर। नगर पालिका की ओर से शहर की सफाई व्यवस्था पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। सिर्फ पुराना गंज में ही काफी समय से नाली की सफाई नहीं हो सकी है, जिससे मुहल्ले में जलभराव हो गया। इससे गंदगी फैल गई। ऐसे में लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
शहर में सफाई व्यवस्था बुरा हाल है। सफाई कर्मी वार्डों से कूड़ा नहीं उठा रहे हैं। ऐसे में शहर के तमाम इलाकों का बुरा हाल है। मंगलवार को वार्ड नंबर 23 के पुराना गंज स्थित मंगल की बाजार में भी नालों की सफाई नहीं हुई थी। ऐसे में बाजार में गंदगी फैल गई। गलियों में पानी भर गया, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सबसे ज्यादा दिक्कत बाजार आने जाने वालों को हुई। कीचड़ होने की वजह से लोगों को गंदगी के बीच ही खरीदारी भी करनी पड़ी। वहीं, शहर के अन्य इलाकों का भी यही हाल है, जिससे साफ है कि पालिका कर्मी साफ सफाई को लेकर गंभीर नहीं हैं। खाद्य एवं सफाई निरीक्षक सुरजीत सिंह ने बताया कि नाली किसी वजह से ब्लॉक हो गई होगी। अब मामला जानकारी में आ गया है, जिससे बाद नाली की सफाई करा दी जाएगी।