उप मुख्यमंत्री आठ को पांच हजार किसानों को कर्जमाफी के प्रमाण पत्र बाटेंगे
रामपुर। पांच हजार किसानों को कर्जमाफी का प्रमाण पत्र प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री दिनेश शर्मा आठ सितंबर को राजकीय शारीरिक प्रशिक्षण महाविद्यालय के मैदान में बाटेंगे। इसको लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई है।
ऋण माफी योजना के तहत जिले में पहले चरण में 19 हजार किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा। पहले चरण में पांच हजार किसानों का ऋण माफ किए जाने का मामला फाइनल हो गया है। शासन ने अब कर्जमाफी का प्रमा्ण पत्र कैंप लगाकर बांटने को कहा है। जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी ने कलेक्ट्रेट सभागार में ऋण मोचन योजना के तहत समस्त उप जिलाधिकारियों तथा बैंकर्स के साथ बैठक करते हुए कहा कि आगामी आठ सितम्बर को सायं चार बजे से जनपद के प्रभारी मंत्री एवं उप मुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा द्वारा राजकीय शारीरिक प्रशिक्षण महाविद्यालय के गांधी मैदान में प्रमाण-पत्र वितरित किये जायेंगे। अवस्थी ने कहा कि प्रथम चरण में माफ हुए 19256 कृृषक को प्रमाण-पत्र वितरित किये जायेंगे और सभी उप जिलाधिकारी अपने-अपने तहसीलों में कृृषकों को प्रमाण-पत्र वितरित करायेंगे। उन्होंने कहा कि सभी कृृषकों का फोटो युक्त पहचान-पत्र दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि जनपद में प्रथम चरण में 19256 कृृषकों का फसली ऋण माफ किया गया हैं। उन्होंने यह भी बताया कि राजकीय शारीरिक प्रशिक्षण महाविद्यालय के गांधी मैदान में जिन नोडल अधिकारियों की ड्यूटी लगायी गई है वह सूची से मिलान कर सत्यापन कर किसानों का प्रवेश सुनिश्चित करायेंगे।