रेलवे स्टेशन के टिकटघर से बालिका गायब, हड़कंप
रामपुर।
रेलवे स्टेशन के टिकट घर से एक बालिका गायब हो गई। बालिका को उसकी मां शौचालय जाते समय बाहर बिठा गई थी। जब मां वापस आई तो बालिका गायब थी। इस पर उसने अन्य परिजनों से पूछा, लेकिन कहीं बालिका न होने पर परिजनों में हड़कंप मच गया। परिजनों ने काफी तलाश किया लेकिन, बालिका नहीं मिली। इस पर परिजनों ने जीआरपी को भी सूचना दी।
कोतवाली थाना क्षेत्र के अखाड़ा सोहराब खां निवासी नजाकत मजदूरी करता है। सोमवार को वह पत्नी साहिबा और बच्चों के साथ बिहार के कटिहार जिला जा रहा था। इसके लिए परिजन टिकट लेने के लिए टिकट घर में गए। इसी दौरान सुबह करीब 11 बजे साहिबा बच्ची फिजा को लेकर शौचालय चली गई, जब साहिबा वापस आई, तो फिजा मौके पर नहीं थी। इस पर उसने पति व अन्य परिजनों के पास पहुंचकर बेटी की जानकारी ली। परिजनों ने भी फिजा के उनके पास आने की बात से इंकार कर दिया। इस पर सभी के होश उड़ गए। आनन-फानन में परिजनों ने फिजा की काफी तलाश की, लेकिन वह कहीं नहीं मिली। इस पर परिजनों ने रेलवे स्टेशन पर अनाउंसमेंट करवाया और जीआरपी को भी सूचना दी। जीआरपी सिपाही और दरोगा ने भी बालिका को तलाशने की काफी कोशिश की, लेकिन उसका कोई फोटो न होने के कारण वह नहीं मिली।