कोसी के जलस्तर के साथ बढ़ रही ग्रामीणों की चिंता
रामपुर। पश्चिमी यूपी व उत्तराखंड में रुक-रुक कर हो रही बारिश ने नदियों का जल स्तर बढ़ाना शुरू कर दिया है। कोसी नदी में दस हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इसके बाद नदी किनारे रह रहे लोग खासे परेशान नजर आ रहे हैं। कई गांव के किनारे तक पानी आ जाने से लोगों की चिंता बढ़ गई है।
उत्तराखंड में लगातार बारिश हो रही है। जिससे अब नदियों का जल स्तर बढ़ना शुरू हो गया है। रामपुर में मंगलवार रात से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। बुधवार झमाझम बारिश हुई। जिले भर में पिछले चौबीस घंटे में 15.03 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई। उत्तराखंड में भी बारिश हो रही है, इसके बाद रामनगर बैराज से बृहस्पतिवार को 10 हजार क्यूसेक पानी और छोड़ दिया गया। इसका असर कोसी नदी पर दिखने लगा है। बारिश के चलते कोसी नदी का जल स्तर इस वक्त 193.24 मीटर तक पहुंच गया है जबकि खतरे का निशान 197.83 मीटर है। कोसी नदी का जल स्तर बढ़ने से लोगों की परेशानी भी बढ़ने लगी है। नदी किनारे स्थित स्वार, टांडा व सैदनगर के साथ ही सदर क्षेत्र के तमाम गांवों के लोगों की बैचेनी बढ़ने लगी है। कोसी के अलावा पीलाखार नदी में भी हलचल बढ़ी है इस वक्त पीलाखार में 180.83 मीटर पानी चल रहा है यह नदी खतरे के निशाने से चार मीटर नीचे बह रही है। कोसी, पीलाखार के साथ ही रामगंगा नदी अभी शांत चल रही है। सैदनगर क्षेत्र के बजावाला, इमरता, रवन्ना, अहमदाबाद, प्रानपुर का मझरा, बिचपुरी गांव के पास तक पानी पहुंच गया। पसियापुरा चांदपुर पानी से पूरी तरह घिरा हुआ है।