रामपुर। बृहस्पतिवार सुबह शाहबाद थाना क्षेत्र में ढकिया चौकी इंचार्ज की कार ट्रक से बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हो गई। जिससे सड़क किनारे बस का इंतजार कर रहे आठ लोग कार की चपेट में आकर घायल हो गए। इससे गुस्साए लोगों और चौकी इंचार्ज के बीच हाथापाई हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात संभाले और घायलों को उपचार के लिए सीएचसी भिजवाया गया।
यह घटना शाहबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव बड़ागांव की है। यहां सड़क किनारे खड़े होकर कुछ लोग बस का इंतजार कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह लगभग नौ बजे ट्रक को बचाने के प्रयास में ढकिया चौकी इंचार्ज सुरेंद्र सिंह की कार अनियंत्रित हो गई। कार ढकिया चौकी इंचार्ज सुरेंद्र सिंह ही चला रहे थे। हादसे को अंजाम देने वाली कार चौकी इंचार्ज निजी कार थी। अनियंत्रित कार ने लोगों को अपनी चपेट में लिया। इस हादसे में आठ लोग घायल हो गए। हादसे के दौरान लोगों में चीखपुकार मच गई और भीड़ जमा हो गई। इसके बाद ढकिया चौकी इंचार्ज ने विभाग को मामले की जानकारी दी। इस बीच लोगों की चौकी इंचार्ज से कहासुनी शुरू हो गई। साथ ही लोगों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि लोगों की चौकी इंचार्ज से हाथापाई हुई। हालांकि स्थानीय लोगों ने भीड़ को समझा-बुझाकर शांत कराया। घायलों को उपचार के लिए सीएचसी भिजवाया। कुछ देर अन्य पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। वहीं कोतवाली प्रभारी संजय तोमर ने बताया कि एक ट्रक को बचाने के प्रयास में ढकिया चौकी इंचार्ज की कार अनियंत्रित हो गई थी और कार का स्टेरिंग लॉक हो गया। जिस कारण कार की चपेट में कई लोग आ गए। सभी को जिला अस्पताल भिजवा दिया गया है। कार्रवाई के लिए पीड़ित लोगों की ओर से कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर आएगी तो कार्रवाई की जाएगी।