रामपुर। सिविल लाइंस क्षेत्र के एक सीमेंट कारोबारी को शेयर में मुनाफा दिलाने के नाम पर ट्रेडिंग कंपनी ने 8.80 लाख रुपये ठग लिए। अदालत ने इस मामले में सिविल लाइंस पुलिस को कंपनी के छह अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
सिविल लाइंस क्षेत्र निवासी अनुराग गुप्ता सीमेंट कारोबारी हैं। वह शेयर की खरीद करते हैं। 2017 में उनके पास कैपिटल लाइफ मार्केट रिसर्च कंपनी के मैनेजर अभिषेक मिश्रा ने फोन करके बताया कि उनकी कंपनी का रजिस्टर्ड आफिस मध्य प्रदेश के इंदौर में साउथ तुको गंज टक्कन वाला कुआं के सामने ट्रेड हाउस एचडीएफसी बैंक के ऊपर चौथे तल पर है। उनकी कंपनी एडवायजरी एजेंसी के रूप में शेयर ट्रेडिंग के क्षेत्र में काम करती है। इस सेवा के लिए अलग-अलग प्लान के अंतर्गत सर्विस चार्ज लेकर ग्राहकों को शेयर खरीदवाकर मुनाफा दिलाती है। मैनेजर ने कंपनी के मालिक राजीव शर्मा से लेकर सीनियर मैनेजर निखिल, जितेंद्र कुमार त्रिपाठी, अंकित परौंदा और विनीत कुमार मिश्रा से भी बात कराई। सभी ने उन्हें भरोसा दिलाया कि उन्हें रोजाना 50 हजार रुपये तक कमाई करा देंगे। इसपर वह कंपनी के जरिये शेयर में निवेश के लिए तैयार हो गए। इसके बाद आरोपियों ने सर्विस शुरू करने और समय-समय पर सर्विस शुल्क के नाम पर कंपनी के बैंक खाते में उनसे कुल 8,79,850 रुपये जमा करा लिए। एक साल बाद भी सर्विस शुरू नहीं की। उन्होंने कंपनी के अधिकारियों को फोन किया तो वे सभी टालने लगे। बाद में फोन बंद कर दिए। इस संबंध में सिविल लाइंस थाने में तहरीर दी लेकिन कार्रवाई न होने पर अधिवक्ता सचिन मोहन सक्सेना के माध्यम से अदालत में प्रार्थना पत्र दिया। अदालत ने सभी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए हैं।