रामपुर। कांग्रेस के प्रत्याशी संजय कपूर ने कहा है कि लोकसभा का चुनाव दो विचारधाराओं के बीच होगा। इसमें एक विचारधारा खंडित करने वाली है, जबकि कांग्रेस की विचारधारा सभी को साथ लेकर चलने की है। ऐसे में जनता कांग्रेस को जिताएगी। देश में एक बार फिर यूपीए की सरकार बनेगी और राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनेंगे।
मोहम्मद अली जौहर रोड स्थित कार्यालय पर मीडिया से बात करते हुए कहा कि कांग्रेस पूरी ताकत के साथ लोकसभा चुनाव लड़ेगी। पार्टी ने हम पर जो भरोसा जताया है, उम्मीद है कि रामपुर की जनता से भी स्नेह मिलेगा। कहा कि एनडीए सरकार अपना एक भी वायदा पूरा नहीं कर सकी और जब कांग्रेस देश के 25 करोड़ गरीबों को 72 हजार रुपये देने की बात कहती है तो भाजपा के लोग विरोध करते हैं। इससे साफ है कि भाजपा गरीबों, नौजवानों, किसानों की विरोधी है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जरूरी है कि बदलाव हो। नौजवानों को रोजगार मिले। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश के गरीबों, किसानों और नौजवानों के मुद्दों को लेकर चुनाव लड़ेगी। भाजपा प्रत्याशी जयाप्रदा को लेकर कहा कि वह यहां से दो बार सांसद रहीं हैं, लेकिन रामपुर से उनका कोई संबंध नहीं रहा है। यह चुनाव राहुल और मोदी के बीच होगा। ऐसे में सपा, बसपा का कोई अस्तित्व ही नहीं है। नूरमहल की नाराजगी को लेकर कहा कि हम उन्हें मना चुके हैं। सभी लोग एकजुटता से चुनाव लड़ेंगे और जीतेंगे।