अब विकास खंडों में एक्सईएन कर सकेंगे जेई की तैनाती
रामपुर। ग्रामीण क्षेत्रों के विकास कार्यों की निगरानी करने के लिए अवर अभियंताओं की तैनाती अब एक्सईएन कर सकेंगे। इसके लिए शासन ने नियमों में संशोधन कर दिया है। इससे कार्य समय से और गतिशीलता के साथ संपन्न हो सकेंगे।
ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की ओर से विभिन्न योजनाओं के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्य कराए जाते हैं। सीसी रोड से लेकर भवनों के निर्माण तक होते हैं। ऐसे में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए विभाग के अवर अभियंताओं की तैनाती की जाती है। पहले ब्लॉकवार इन अवर अभियंताओं को तैनात करने का जिम्मा मुख्य विकास अधिकारी अथवा अधीक्षण अभियंता को था। इसमें कई बार समय लग जाता था, जिसका सीधा असर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर पड़ता था, लेकिन अब सरकार ने इसमें संशोधन कर दिया है। अब ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता ही अवर अभियंताओं को ब्लॉकवार तैनाती दे सकते हैं। इस बावत शासनादेश भी जारी कर दिया। इससे एक्सईएन की जवाबदेही और अधिक हो जाएगी। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में भी पहले से सुधार होगा। अधिशासी अभियंता मनोज कुमार गर्ग ने बताया कि शासनादेश के अनुरूप ही कार्रवाई की जाएगी। अवर अभियंताओं की ब्लॉकवार तैनाती करने के लिए निर्देशों का पूर्ण पालन किया जाएगा।