रामपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को 29 जुलाई को लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में चाबी और प्रमाणपत्र दिए जाएंगे। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मौजूद रहेंगे। इस कार्यक्रम में रामपुर जनपद के 30 लाभार्थियों को चाबी सौंपी जाएगी।लखनऊ से इन लाभार्थियों की पूरी जानकारी 20 जुलाई तक मांगी गई है।
जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना नगरीय क्षेत्र के तहत अब तक 801 लाभार्थियों को पहली किस्त जारी की जा चुकी है। इसमें पहले चरण में 375 लाभार्थियों को और फिर उसके बाद 426 लाभार्थियों को आवास निर्माण के लिए पहली किस्त जारी की गई। इनमें से 426 लाभार्थियों की पहली किस्त लखनऊ से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जारी की थी। जिले में योजना शुरू होने से पहले 3068 पात्रों की डीपीआर भेजी गई थी। अब इनमें से तीस लाभार्थियों का चयन किया जा रहा है, जिनका आवास लगभग पूर्ण हो चुका है। इन लाभार्थियों का आवास पूर्ण कराने के बाद 20 जुलाई तक लखनऊ रिपोर्ट भेजी जाएगी। इसके बाद यह लाभार्थी लखनऊ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 29 जुलाई को चाबी वितरण कार्यक्रम में शामिल होंगे। इन तीस लाभार्थियों में 28 शाहबाद और 2 मसवासी क्षेत्र के संभावित हैं।