मसवासी (रामपुर)। काशीपुर-रामपुर मार्ग पर गश्त के दौरान पुलिस ने करीब 50 क्विंटल खैर की लकड़ी सहित वाहन को अपने कब्जे में लिया। वहीं वाहन चालक और खैर तस्कर फरार होने में कामयाब हो गए। पुलिस ने खैर की लकड़ी सहित वाहन को वन विभाग के सुपुर्द किया है।
शनिवार की देर रात पट्टी कला के काशीपुर मार्ग पर पुलिस गश्त पर थी। चौकी इंचार्ज आनंदवीर सिंह ने वाहन को रुकने का संकेत दिया लेकिन वाहन चालक पुलिस को चकमा देकर वाहन लेकर भागने लगा, इस पर पुलिस ने वाहन को ओवरटेक कर रोक लिया। पुलिस ने वाहन से खैर की लकड़ी बरामद की है जबकि इस दौरान वाहन का चालक सहित एक अन्य व्यक्ति पुलिस को रात के अंधेरे में चकमा देकर फरार होने में कामयाब हो गया। वन विभाग के दरोगा राजकुमार ने बताया की अज्ञात तस्करों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। वाहन में लगभग पचास क्विंटल खैर की लकड़ी बरामद हुई है।