जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन का इस्तीफा!
रामपुर। जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन और पूर्व मंत्री आजम खां के करीबी सलीम कासिम ने पद से इस्तीफा दे दिया है, ऐसी चर्चा दिनभर रही। लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई। सलीम पर हाल ही में हुई एक जांच में 19 लाख के घपले का आरोप लगा है।
जिला सहकारी बैंक चेयरमैन सलीम कासिम ने अपने दम पर रामपुर की बैंक को देश की सर्वश्रेष्ठ कोआपरेटिव बैंक होने का भले ही प्रमाण पत्र दिलवाया हो, लेकिन उनके विरोधियों ने उन्हें घेर लिया और बैंक में ही गाड़ियों के संचालन के मामले में 19लाख रुपये के घपले का आरोपी बना दिया। अब चूंकि चेयरमैन का कार्यकाल पूरा होने को है, ऐसे में उन्होंने किसी विवाद से बचने को इस्तीफा दे दिया है। ऐसी चर्चा पूरे दिन होती रही। हालांकि इस संबंध में सरकारी तौर पर कोई पुष्टि नहीं हो सकी। सलीम कासिम के भी दोनों फोन नंबर बंद मिलते रहे। उनके निकटवर्ती सूत्रों ने बताया चेयरमैन आरोप लगने के बाद से काफी निराश थे। कह रहे थे कि जिस संस्था के लिए उन्होंने पसीना बहाया उसके लिए बदनाम होना पड़ रहा है। बता दें कि इससे पहले आजम खां के खास डीसीडीएफ के चेयरमैन मास्टर जाफर भी इस्तीफा दे चुके हैं।