योगी सरकार, बिजली को लेकर मचा हाहाकार
रामपुर। योगी सरकार में बिजली कटौती से हाहाकार है। कभी रात में तो कभी दिन में तो कभी तड़के कटौती की जा रही है। अब तो अघोषित कटौती पांच घंटे तक होने लगी है। इससे लोगों की नींद उड़ गई है। लोग रात में सो तक नहीं पा रहे हैं।
भले ही योगी सरकार ने जिला मुख्यालय को चौबीस घंटे, तहसील मुख्यालय को 20 घंटे और ग्रामीण क्षेत्रों को 18 घंटे आपूर्ति के निर्देश दिए हों, लेकिन रामपुर में बिजली व्यवस्था पूरी तरह से पटरी से उतर गई है। अंधाधुंध कटौती की जा रही है। पिछले दो दिनों से तो हालात बद से बदत्तर हो गए हैं। दो घंटे दोपहर को तो दो घंटे रात को बिजली गुल हो रही है। आलम यह है कि सुबह के समय भी आपूर्ति बंद की जा रही है। बुधवार रात को नौ बजे से ग्यारह बजे तक बिजली नहीं आई। इसके बाद भी बिजली की आंखमिचौली का सिलसिला जारी रहा। गुरुवार को सुबह चार बजे से छह बजे तक आकस्मिक कटौती के चलते आपूर्ति ठप हो गई, तो दोपहर को तीन बजे से शाम को छह बजे तक भी कटौती की गई। इसके बाद भी बिजली के आने जाने का सिलसिला जारी रहा। ऐसे में लोग रात को सो भी नहीं सके। बिन बिजली लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। अधिशासी अभियंता एसके पांडेय ने बताया कि मुख्यालय स्तर से ही कटौती के आदेश हैं। जैसे कटौती का आदेश आता है, वैसे ही सप्लाई बंद कर दी जाती है। तकनीकी समस्या के चलते इस प्रकार की दिक्कत आ रही है।