रामपुर। नोटिस जारी होने के बाद राणा चीनी मिल ने रामपुर जिले के सभी किसानों का 3.5 करोड़ रुपया बकाया मंगलवार को जारी कर दिया है। अब कंपनी पर अन्य जिलों के किसानों का करीब 9.5 करोड़ रुपया बकाया है। अक्तूबर से पेराई सीजन शुरू हो रहा है।
जिले में तीन चीनी मिलें चल रही हैं। इसमें से दो चीनी मिलों ने किसानों का भुगतान कर दिया है। राणा चीनी मिल पर किसानों का करीब 13 करोड़ रुपया बकाया था। किसान भुगतान के लिए बार-बार डीएम के चक्कर लगा रहे थे। डीएम ने जिला गन्ना अधिकारी को कंपनी को नोटिस देने के लिए कहा था।
जिला गन्ना अधिकारी शैलेश कुमार ने कंपनी को नोटिस देकर जिले के करीब 700 किसानों का भुगतान करने का नोटिस दिया था। शैलेश कुमार ने बताया कि कंपनी ने जिले के सभी किसानों का बकाया 3.5 करोड़ रुपया जारी कर दिया है। एक-दो दिन में किसानों के खाते में पैसा आ जाएगा।
उधर, कपंनी पर अभी अन्य जिलों के किसानों का करीब 9.5 करोड़ रुपया बकाया है।