स्वार। सोमवार रात करीब एक बजे 33 केवी सप्लाई ब्रेकडाउन होने से नगर समेत आसपास के करीब एक दर्जन गांवों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। मुंशीगंज गांव के पास किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से बिजली का पोल, क्रॉस आर्म और इंसुलेटर क्षतिग्रस्त हो गए। रातभर बिजली गुल रहने से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई। सुबह पेयजल संकट खड़ा हो गया और इन्वर्टर भी जवाब दे गए।
बिजली आपूर्ति बाधित रहने से मुंशीगंज, अलीनगर जागीर, अलीनगर उत्तरी, जालफ नगला, फाजलपुर, अगलगा समेत आसपास के गांव अंधेरे में डूबे रहे। मौसम साफ होने और सूरज निकलने के बाद गर्मी और उमस बढ़ने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई।
ब्रेकडाउन की सूचना पर बिजली निगम की टीम ने पेट्रोलिंग कर क्षतिग्रस्त पोल और लाइन की स्थिति देखी। इसके बाद मरम्मत कार्य शुरू कराया गया। पोल, क्रॉस आर्म और इंसुलेटर को ठीक करने के बाद साढ़े दस घंटे बाद सुबह करीब साढ़े दस बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। आपूर्ति शुरू होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
एसडीओ हरि दीपक यादव ने बताया कि मुंशीगंज के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से 33 केवी लाइन का पोल, क्रॉस आर्म और इंसुलेटर क्षतिग्रस्त हो गए थे। पेट्रोलिंग के बाद मरम्मत कार्य कराया गया और सुबह करीब साढ़े नौ बजे आपूर्ति सुचारू कर दी गई।