जिविनि कार्यालय में ताला बंदकर गरजे शिक्षक
रामपुर। वित्तवहीन माध्यमिक शिक्षकों ने मानदेय व समान कार्य समान वेतन की मांग को लेकर जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने जिविनि कार्यालय पर ताला डाल दिया और नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने दस सूत्रीय मांग पत्र प्रभारी जिविनि को सौंपा और उचित कार्रवाई के आश्वासन पर प्रदर्शन बंद किया।
माध्यमिक वित्तविहीन शिक्षक महासभा से जुड़े शिक्षकों ने सोमवार को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर तालाबंदी कर प्रदर्शन किया। शिक्षक सुबह ही कार्यालय पर पहुंच गए और गेट पर दरी बिछाकर बैठ गए। शिक्षकों ने गेट पर ताला बंद कर दिया और किसी भी कर्मचारी को अंदर नहीं जाने दिया। संगठन के जिलाध्यक्ष महेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि पिछली सरकार में वित्तविहीन शिक्षकों को मानदेय दिया जाता था। जो कि इस सरकार द्वारा बंद किए जाने की सूचना है। जिसके विरोध में शिक्षक प्रदर्शन कर रहे हैं। कार्यालय पर प्रदर्शन की सूचना पर प्रभारी जिविनि सवर्दानंद पहुंच गए। उन्होंने शिक्षकों को समझाया और उनके मांगपत्र के बारे में शासन को अवगत कराने का आश्वासन दिया। जिस पर शिक्षक शांत हुए। मांगपत्र में समान कार्य समान वेतन, मानदेय बहाली, कई वर्षों से कार्यरत शिक्षकों का प्रशिक्षण से छूट प्रदान कर मानदेय में शामिल करने, शिक्षकों के नाम के पूर्व अंशकालिक शब्द को हटाने, समायोजन समेत दस बिन्दुओं पर कार्रवाई की मांग की है। प्रदर्शन में महेश बाबू, योगेश कुमार सिंह, एवरन सिंह, हेमेंद्र, फूलवेज, नरेंद्र पाल सिंह, विजेंद्र सिंह, सौरभ रस्तोगी, ओमवीर, रजनीश कुमार सिंह, राकेश कुमार शामिल रहे।