दढ़ियाल। क्षेत्र में शुक्रवार को गेहूं की खड़ी फसल में आग लगने से करीब 30 बीघा फसल जलकर राख हो गई। आग लगते ही पास के खेतों में काम कर रहे किसानों ने धुआं उठता देख शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुट गए।
ग्रामीणों ने पानी और हरी टहनियों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। दोपहर करीब 1:20 बजे लगी आग लगभग एक घंटे तक खेतों में जलती रही। ग्रामीणों के अनुसार डायल 101 पर संपर्क नहीं हो सका, बाद में डायल 112 पर सूचना देने के बाद फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग पर काफी हद तक काबू पाया जा चुका था।
खेत स्वामी उमेश निवासी मुवाना ने बताया कि सुखपाल सिंह के तीन बीघा, नवीन कुमार के चार बीघा, कल्लू सिंह के चार बीघा, इंद्रेश सिंह के पांच बीघा, नूरे हसन के छह बीघा, राजू रवि के तीन बीघा और बलवीर सिंह के चार बीघा गेहूं की फसल जल गई।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि 33 केवी बिजली लाइन से निकली चिंगारी के कारण आग लगी। ग्राम प्रधान योगेंद्र सिंह चौहान ने भी बिजली विभाग की लापरवाही को कारण बताया।
सूचना पर राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया और जांच शुरू कर दी है। प्रभावित किसानों ने नुकसान की भरपाई के लिए सरकार से मुआवजे की मांग की है।