रामपुर। जिले में पांच जुलाई से वृहद पौधरोपण का कार्यक्रम प्रारंभ होगा। जिसके तहत जिले में इस 26.56 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इस लक्ष्य को 15 अगस्त तक पूर्ण किया जाना है।
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ की अध्यक्षता में आयोजित जिला पौधरोपण समिति की बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को लक्ष्य के सापेक्ष सभी कार्यवाहियां तय समय सीमा के भीतर पूर्ण कराते हुए पौधरोपण को पूर्ण कराने के निर्देश दिए। जिले का इस बार का लक्ष्य 26.56 लाख पौधरोपण का है। इस लक्ष्य को पांच जुलाई, छह जुलाई और 15 अगस्त तक पूर्ण किया जाएगा। शासन द्वारा निर्धारित 27 विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक करके जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को गड्ढा खोदाई के उपरांत पौधे लगवाने के लिए निर्देशित किया तथा कहा कि पौधों की देखभाल के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और सिंचाई के लिए बेहतर सिंचाई प्रबंधन होना चाहिए। पौधरोपण के साथ ही उन सभी पौधों की शासन द्वारा निर्धारित हरीतिमा एप के माध्यम से जियो टैगिंग करानी होगी। इसके साथ ही आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर हर ग्राम पंचायत में अमृत वन बनाए जाएंगे। प्रत्येक अमृत वन में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 75 पौधे लगाए जाएंगे। इसी प्रकार प्रत्येक नगर पालिका में 750 पौधे तथा प्रत्येक नगर पंचायत में 75 पौधे आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर अमृत वन के अंतर्गत लगाने के निर्देश दिए। जिला वनाधिकारी राजीव कुमार ने बताया कि इस बार 35 चिन्हित स्थलों पर बल्क प्लांटेशन कराने का लक्ष्य है, जहां 47 हजार पौधे लगाए जाएंगे। इसके साथ ही आठ औद्योगिक इकाइयों में मियावाकी पद्धति से भी 41 हजार पौधे लगाए जाने हैं।