रामपुर। गुरुवार को बारिश होने के कारण कोरोना से बचाव के लिए हो रहे टीकाकरण के लिए भी लोग कम संख्या में पहुंचे। गुरुवार को महज 230 लोगों ने ही टीका लगवाया।
कोरोना वैक्सीनेशन में ऑनलाइन प्री-रजिस्ट्रेशन और स्लॉट बुकिंग के चलते पहली डोज का टीकाकरण कराने वालों की संख्या कम हो गई है। इसमें सबसे अधिक असर साठ साल से अधिक आयु वालों पर पड़ा है। पहले से पंजीकरण व स्लॉट बुक कर टीकाकरण करवाने के निर्देशों के बाद से साठ साल से अधिक आयु वाले लोग पहले की तुलना में कम संख्या में टीकाकरण को पहुंच रहे हैं। ऐसे में गुरुवार को सुबह से शाम तक हुई तेज बारिश के कारण सामान्य दिनों की तुलना से भी कम संख्या में लोग टीकाकरण के लिए पहुंचे।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट में गुरुवार को कुल 230 लोगों ने कोरोना से बचाव का टीका लगवाया। इसमें 121 लोगों ने पहली डोज और 109 लोगों ने दूसरी डोज का टीका लगवाया। गुरुवार को 45 से 60 साल आयु वालों में 97 लोगों ने पहली डोज और 69 लोगों ने दूसरी डोज का टीका लगवाया। इसके साथ ही साठ साल से अधिक आयु वालों में 24 लोगों ने पहली डोज और 38 लोगों ने दूसरी डोज का टीका लगवाया। वहीं गुरुवार को एक हेल्थकेयर और एक फ्रंटलाइन वर्कर ने दूसरी डोज का टीका लगवाया।