रामपुर। जिले में गुरुवार को पांच परीक्षा केंद्रों पर हुई एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय की इंप्रूवमेंट परीक्षा में 23 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। ठंड में कांपते हुए परीक्षार्थी परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे।
गुरुवार को जिले के राजकीय रजा डिग्री कॉलेज रामपुर, राजकीय महिला डिग्री कॉलेज रामपुर, राजकीय महाविद्यालय रजा नगर, गुरु तेग बहादुर राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर और सावित्री देवी महाविद्यालय ढक्का नगलिया केंद्रों पर परीक्षा हुई। पहली पाली में स्नातक तृतीय वर्ष और दूसरी पाली में स्नातक द्वितीय वर्ष के परीक्षार्थियों की खेल और शारीरिक विषय की परीक्षा थी। राजकीय रजा डिग्री कॉलेज में पहली पारी की परीक्षा के दौरान 42 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 34 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। आठ परीक्षार्थी परीक्षा से अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में 35 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। जिसमें से 23 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी और 12 परीक्षार्थी परीक्षा से अनुपस्थित रहे। राजकीय महिला डिग्री कॉलेज में पहली पारी की परीक्षा में 19 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 17 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। दो परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली की परीक्षा में 10 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से नौ परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी जबकि, एक परीक्षार्थी परीक्षा से अनुपस्थित रहा। कोविड-19 गाइडलाइन का पालन करते हुए इंप्रूवमेंट परीक्षा कराई गई। राजकीय रजा डिग्री कॉलेज के प्राचार्य डॉ. पी के वार्ष्णेय और राजकीय महिला डिग्री कॉलेज के डॉ. अतुल कुमार शर्मा ने बताया कि परीक्षा कोविड-19 गाइड लाइन का पालन करते हुए कराई गई। इंप्रूवमेंट परीक्षा शांत पूर्ण ढंग से समाप्त हो गई।