रामपुर। मदरसा शिक्षा परिषद की परीक्षा में बुधवार को दोनों पालियों में कुल 224 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। अधिकारियों ने भी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान कोई भी नकलची नहीं पकड़ा गया। मदरसा शिक्षा परिषद की मुंशी, मौलवी, आलिम, कामिल और फाजिल की परीक्षाएं जिले में छह परीक्षा केंद्रों पर आयोजित हो रही हैं। जिनमें नगर का श्री हरि इंटर कालेज, रामपुर नेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के साथ ही चंद्रमुखी इंटर कालेज टांडा, जवाहर इंटर कालेज स्वार, जनहित कमला ईडन गार्डन इंटर कालेज शाहबाद और नवचेतना शिक्षा सदन इंटर कालेज बिलासपुर शामिल हैं।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी मोहम्मद खालिद ने बताया कि परीक्षा में बुधवार को सुबह पहली पाली में मुंशी मौलवी की परीक्षा में कुल पंजीकृत 811 परीक्षार्थियों में से 662 परीक्षार्थी उपस्थित रहे जबकि 149परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। दूसरी पाली में आलिम, कामिल, फाजिल की परीक्षा के लिए 593 परीक्षार्थियों में से 518 परीक्षा में शामिल हुए और 75 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे।