आईएमए एकादश ने डीएम एकादश को एक विकेट से हराया
रामपुर। डीएम एकादश और आईएमए एकादश के बीच मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच का आयोजन हुआ। जिसमें संघर्षपूर्ण रोमांचक मुकाबले में आईएमए एकादश ने एक विकेट से जीत दर्ज की। डीएम एकादश की ओर से डीएम शिवसहाय अवस्थी ने सर्वाधिक 47 रन की पारी खेली।
शहीद ए आजम स्पोर्ट्स स्टेडियम में हुए मैच में डीएम एकादश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए डीएम एकादश ने 16 ओवर में 108 रन बनाए। जिसमें डीएम शिवसहाय अवस्थी ने आतिशी बल्लेबाजी करते हुए 23 गेंद में शानदार 47 रन की पारी खेली। इसके साथ ही एसपी डा. विपिन ताडा ने 37 रन और सीओ सिटी नरेंद्र पाल सिंह ने 21 रन का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए आईएमए एकादश की टीम पहले ओवर में ही डा. महमूद के आउट होने के बाद दवाब में आ गई। लेकिन, टीम ने मैच में वापसी करते हुए संघर्षपूर्ण मुकाबले में एक विकेट से जीत दर्ज की। आईएमए एकादश की ओर से समी ने शानदार 43 रन की पारी खेली जबकि डा. तनवीर ने 26 रन बनाए।