शाहबाद (रामपुर)। एक खेत में बनी कोठरी में अवैध तरीके से केरोसिन का भंडारण मिला। पुलिस ने करीब दो सौ लीटर कैरोसिन जब्त कर लिया। साथ ही पूर्ति निरीक्षक संतोष श्रीवास्तव ने दो लोगों समेत कुछ अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया है।
उप जिलाधिकारी प्रवीण वर्मा को सूचना मिली कि सिरौली रोड पर गन्ने के खेत में बनी एक कोठरी में केरोसिन का काला कारोबार चल रहा है। जहां भारी मात्रा में तेल मौजूद है, जिसके बाद एसडीएम ने पुलिस एवं पूर्ति विभाग के अफसरों के साथ छापेमारी की। देखा तो ककरौआ खैराबाद गांव क्षेत्र के एक खेत में कोठरी बनी हुई थी। यहां पैरों के निशान देखते हुए अफसर कोठरी में आ गए। वहां देखा तो पांच ड्रम रखे हुए थे। कुछ केनें भी मिलीं। साथ ही पुलिस को दो सौ लीटर केरोसिन बरामद हुआ। पुलिस तेल को जब्त कर थाने ले आई। पूर्ति निरीक्षक संतोष श्रीवास्तव ने अहमद हुसैन, बाबू एवं कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया। उप जिलाधिकारी ने बताया कि अवैध तरीके से तेल का काम हो रहा था। चूंकि, केरोसिन तेल की बिक्री सिर्फ राशन की दुकानों पर होती है, ऐसे में यह भी हो सकता है कि तेल किसी राशन विक्रेता ने बेचा हो। फिलहाल, इसकी जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी। अधिकारियों को ऐसी आशंका है कि यह खेल काफी लंबे समय से चल रहा था। इस नेटवर्क में अन्य लोग शामिल हो सकते हैं।