संसाधन उपलब्ध होने के बावजूद नालों मेें सिल्ट, पालिका में लगातार पहुंच रहीं शिकायतें, लोग परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर। सभी संसाधन उपलब्ध होने के बावजूद नगर के नालों की सफाई ठीक तरह से नहीं हो पा रही है। नालों में कूड़ा-करकट, पॉलीथिन और गंदगी जमा होने से इनमें सिल्ट जम गई है, जिसके कारण नाले चोक हो रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि इनके पास से गुजरना तक मुश्किल हो गया है। इसको लेकर स्थानीय निवासी लगातार शिकायतें कर रहे हैं, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। जुलाई माह में पालिका ने बोर्ड फंड से 20 लाख रुपये खर्च कर नालों की सफाई कराई थी, लेकिन उसके बाद नालों पर ध्यान नहीं दिया गया।
शहर में फिलहाल 84 नाले-नालियां हैं, जिनकी जुलाई माह में तलीझाड़ सफाई कराई गई थी। लेकिन समय बीतने के साथ उपेक्षा के कारण नाले फिर से गंदगी से भर गए। खास तौर पर माला रोड, अस्पताल के पास और शौकत अली रोड के नाले पूरी तरह गंदगी से पटे पड़े हैं। यहां से गुजरते समय तेज दुर्गंध उठती है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उधर, लोगों ने भी खुले नालों में कचरा डालना जारी रखा, जिससे समस्या और बढ़ गई। अब स्थिति यह है कि कई नालों पर गंदगी की मोटी परत और सिल्ट जम चुकी है। शौकत अली रोड, अस्पताल रोड सहित अन्य क्षेत्रों के बाशिंदे शिकायत कर चुके हैं, लेकिन संसाधन होने के बावजूद पालिका स्तर पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पा रही है।
-
क्या कहते हैं लोग
शहर के नाले और नालियां दोनों ही गंदगी से बजबजा रहे हैं। इन नालों की वजह से हर किसी को दिक्कत हो रही है। दरअसल, इसमें सिल्ट जम गई है। लंबे समय से सफाई न होने से दुर्गंध उठती है। यहां से निकलने का मतलब गंदगी से दो-चार होने के बराबर है। -जीशान रजा
-
जुलाई में सफाई करने के बाद पालिका ने इतिश्री कर ली। इसके बाद दोबारा साफ-सफाई के बारे में नहीं सोंचा, जिससे अब दोबारा से गंदगी जम गई है। गंदगी इतनी बढ़ गई है। इसको निकालने में ही एक दिन निकल जाए। -नसीम मियां
शहर के नाले जब तक साफ नहीं होंगे, तब तक नालियां चोक रहेंगी, जिससे शहर में गंदगी फैलेगी। ऐसे में लोगों को चाहिए इसमें गंदगी पॉलीथिन आदि न फेंकें। विभाग से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कोई हल नहीं है। -शाहवेज खां
वर्जन
अभियान चलाकर एक बार फिर इन नालों की साफ-सफाई करा दी जाएगी। नालों और नालियों को चिह्नित कराकर एक सिरे से सफाई होगी। -दुर्गेश्वर त्रिपाठी, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका