मिलक (रामपुर)। बेखौफ उचक्के ने दिनदहाड़े बैंक में घुसकर बीस लाख रुपये चोरी कर लिए और बैंक कर्मचारियों को गच्चा देकर फरार हो गया। जिसको लेकर बैंक स्टाफ को सवा घंटे तक भनक नहीं लगी। कैश खत्म होने पर बैंक स्टाफ को सुध आई। तब बैंक स्टाफ और पुलिस में हड़कंप मच गया। मामला नगर की एसबीआई बैंक शाखा का है।
नगर की बैंक शाखा में शुक्रवार को एक बेखौफ उचक्का दिनदहाड़े बैंक में घुस गया। उस समय बैंक में रोजमर्रा की तरह काम चल रहा था। बैंक प्रबंधक अवकाश पर हैं। जिनका कामकाज बैंक का सीनियर स्टाफ देख रहा था। इस बीच बैंक में दिनदहाड़े कैश काउंटर के पीछे तक सारी बैंक व्यवस्था को चकमा देकर पहुंच गया। पहले उसने काउंटर के पीछे तक एक जाने के लिए गेट को खोला और पीछे रखे संदूक तक पहुंच गया। जहां से उसने 20 लाख रुपये बैग में भरे और बेखौफ होकर बैंक गेट से बाहर निकल गया। चोरी होने की बैंक में काम करने वाले स्टाफ को भनक तक नहीं लगी। बैंक में चोरी की घटना 11.56 बजे की बताई जाती है। जिसको लेकर बैंक स्टाफ को सवा घंटे से ज्यादा तक भनक नहीं लगी। कैश खत्म होने पर बैंक स्टाफ ने एटीएम में कैश भरने के लिए संदूक खोला। तब बैंक से 20 लाख रुपये गायब होने पर होश उड़ गए। बैंक में चोरी को लेकर हड़कंप मच गया और बैंक स्टाफ ने पुलिस क्षेत्राधिकारी श्रीकांत प्रजापति को फोन पर सूचना दी। जिस पर बैंक में दिनदहाड़े 20 लाख की चोरी होने पर पुलिस में हड़कंप मच गया। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार त्यागी और सीओ श्री कांत प्रजापति पहुंच गए। एएसपी ने भी बैंक शाखा पहुंचकर घटना की जानकारी ली। एसओजी की टीम पहुंच गई। पुलिस अफसरों ने बैंक स्टाफ से घटना को लेकर पूछताछ की। मामले की तहरीर बैंक के कैश लेखाकार हरिओम यादव की ओर से दी गई है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि बैंक की ओर से मिली तहरीर के आधार पर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।