रामपुर। सामान्य एवं पिछड़ा वर्ग समन्वय समिति के सदस्यों ने केंद्र सरकार की ओर से लागू किए गए एससी-एसटी एक्ट संशोधित बिल के विरोध में मशाल जुुलूस निकालकर विरोध जताया। सदस्यों ने इस बिल को सवर्णों को जेल भेजने वाला बिल करार दिया।
संगठन से जुड़े सामान्य व पिछड़ा वर्ग के लोग ज्वालानगर स्थित कृष्णा मंदिर में एकत्र हुए। यहां पर कार्यकर्ताओं ने कहा कि केंद्र सरकार निर्दोष सवर्णों और पिछड़ों को जेल भेजने के लिए यह बिल ला रही है। केंद्र सरकार की यह मनमानी सहन नहीं की जाएगी क्योंकि इससे सवर्णों व पिछड़े वर्ग के लोगों का उत्पीड़न बढ़ जाएगा। इसके बाद समिति के सदस्य ज्वालानगर से कलक्ट्रेट तक मोमबत्ती और मशाल लेकर जुलूस की शक्ल में कलक्ट्रेट तक पहुंचे। इस दौरान अध्यक्ष आकाश सक्सेना, जन समर्थन दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप कुमार सक्सेना, अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, वैश्य महासभा के जिलाध्यक्ष पीयूष जिंदल, भारतीय प्रजापति महासभा के जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार, अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा से गजेंद्र शंकर दुबे, ब्राह्मण एकता मंच से अरविंद शर्मा, हरपाल सिंह, प्रखर सक्सेना, रविन्द्र सिंह आदि मौजूद रहे।