रामपुर। शुक्रवार को सुबह के वक्त कुछ समय तक आसमान में बादल छाए रहे लेकिन, इसके बाद पूरे दिन मौसम साफ रहा। धूप में तेजी ने लोगों के पसीने छुड़ाए लेकिन, दो दिन से बादलों की लुकाछिपी के कारण शुक्रवार को अधिकतम तापमान अन्य दिनों की अपेक्षा मामूली कम रहा। भीषण गर्मी में बादल छाने से बारिश की राह देख रहे लोगों को निराशा ही हाथ लगी।
भीषण गर्मी के बीच खराब मौसम की चेतावनी से लोगों को बारिश की उम्मीद बंध गई। दो दिन से मौसम में कुछ हलचल भी रही और आसमान में बादलों की लुकाछिपी हुई। बृहस्पतिवार को बादलों की लुकाछिपी के बीच चंद बूंदें भी गिरी तो वहीं शुक्रवार को भी सुबह के वक्त आसमान में कुछ देर के लिए बादल छाए। लेकिन, मौसम के इस बदलाव के बीच बारिश की राह देख रहे लोगों निराश हुए, खासकर रोजेदार बारिश की दुआ कर रहे हैं। जिससे भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सके।
शुक्रवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रहा लेकिन, सुबह के बाद आसमान साफ हो जाने के कारण गर्मी का असर काफी रहा। देर शाम करीब सात बजे तेज आंधी भी चली, धूल भरी आंधी से कई जगह होर्डिंग्स टूट गए तो दोपहिया वाहन चालकों को भी जहां-तहां रुकना पड़ा। आंधी के साथ ही बिजली भी गुल हो गई।