रामपुर। संयुक्त मदरसा आधुनिकीकरण शिक्षक समूह की बैठक आंबेडकर पार्क में हुई। इसमें पिछले करीब तीन साल केंद्रांश मानदेय भुगतान न होने से हो रही समस्या को उठाया गया। इसके बाद मदरसा आधुनिक शिक्षकों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर बकाया मानदेय भुगतान की मांग की।
आंबेडकर पार्क में हुई बैठक में संगठन के प्रदेशाध्यक्ष शहजादे अली अंसारी ने कहा कि मदरसा आधुनिकीकरण योजना के तहत मदरसों में विज्ञान, अंग्रेजी, हिन्दी, गणित आदि विषयों के शिक्षकों की नियुक्ति की गई थी। लेकिन, इन शिक्षकों को राज्यांश का ही भुगतान हो रहा है वो भी नियमित नहीं होता। जबकि केंद्रांश का भुगतान पिछले 34 माह से नहीं हुआ है, जिससे शिक्षकों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्हें परिवार के पालन से लेकर जीवन यापन में समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इसके बाद मदरसा आधुनिक शिक्षकों ने प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। इस दौरान पूर्व एमएलसी रामबाबू शास्त्री, गजेंद्र सिंह मौर्य, सुभाष कुमार, योगेश यादव, सुमित कुमार गुप्ता, मोहम्मद जावेद, नसीर अहमद, जुल्फिकार अली, नाहिद, मुनीश बाबू, हसीब अहमद, सरफराज आदि मौजूद रहे।