रामपुर बुशहर।
देवनगर में पिछले एक साल से सिंचाई नहर ठप है। इससे किसानों और बागवानों को खेतों में सिंचाई करने के लिए मुश्किल हो रही है। क्षेत्र के लोगों ने कई बार इस नहर को दुरुस्त करने के लिए आईपीएच विभाग से मांग की। इसके बाद भी खस्ताहाल नहर ठीक नहीं की गई। गांव में सिंचाई के लिए पानी की सुविधा नहीं होने से कई लोगों ने खेतीबाड़ी करना छोड़ दिया है।
देवनगर पंचायत प्रधान महेंद्र सिंह और उप प्रधान महेंद्र मेहता का कहना है कि नहर जगह-जगह से टूटी-फूटी हुई है। आईपीएच विभाग ने जनता को नहर को जल्द ठीक करने का आश्वासन दिया था, जो पूरा नहीं हो पाया है। प्रदेश सरकार की ओर से करोड़ोें रुपये खर्च करने के बावजूद क्षेत्र के लोगों को सिंचाई की सुविधा नहीं मिल रही है। पंचायत प्रधान ने कहा कि विभाग दावा करता है कि वर्ष 2016 में नहर के मरम्मत कार्य पर लाखों रुपये खर्च किए हैं, जबकि जमीनी स्तर पर मरम्मत कहीं भी नजर नहीं आ रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही पंचायत इस कार्य की उच्च स्तरीय कमेटी से जांच करवाएगी।
आठ माह में हो सका अधूरा काम
आईपीएच विभाग ने बीते वर्ष इस नहर का दो फिल्ड चैनल पर टेंडर लगवाया था। इससे नहर से खेतों तक पानी पहुंचाया जाना था। लेकिन आठ माह बीत जाने के बाद भी नहर का कार्य मात्र 15 से 20 मीटर ही हो पाया है। ठेकेदार ने नहर 50 मीटर चैनल कच्ची खोद रखी है। ऐसे में जब बारिश होती है तो खेत से मिट्टी का बहाव होता रहता है। उप प्रधान महेंद्र मेहता ने कहा कि विभाग ऐसे ठेकेदारों को काम ही क्यों देते हैं, जिनके पास न तो मजदूर होते हैं और न ही कार्य करने की क्षमता होती है। यदि जल्द ही नहर का कार्य शुरू नहीं किया गया तो पंचायत की जनता विभाग के खिलाफ उग्र आंदोलन करने से भी गुरेज नहीं करेगी।
नहर होगी जल्द ठीक
तकलेच के एसडीओ जनक राज कश्यप ने बताया कि नहर को लोक निर्माण विभाग ने डैमेज किया है। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग को जल्द नहर का ठीक करने के लिए सूचित कर दिया है। यह नहर जल्द ठीक करवाई जाएगी।