गड्ढे भरने से गुनाह से नहीं बच सकेंगे डीएम, देना होगा जवाब:आजम
रामपुर। पूर्व मंत्री आजम खां बृहस्पतिवार को अचानक अंबेडकर पार्क के सामने पहुंचे, जहां उन्होंने उस स्थान का जयाजा लिया, जहां पर प्रशासन ने पंडित दीन दयाल की प्रतिमा लगाने के लिए गड्ढा खोदा गया था। इस दौरान पूर्व मंत्री ने डीएम को सीधे तौर पर निशाने पर लिया। कहा कि गड्ढे भरने से किसी का गुनाह कम नहीं होगा। डीएम को हाईकोर्ट व सुप्रीम कोर्ट में जवाब देना ही होगा।
पंडित दीन दयाल उपाध्याय की प्रतिमा अंबेडकर पार्क के सामने न लगाए जाने के प्रशासन के फैसले के बाद सपाइयों के हौसले बुलंद हैं क्योंकि पूर्व मंत्री आजम खां ने ही उक्त स्थल पर हाईकोर्ट के स्टे के बारे में जानकारी दी थी। प्रतिमा को न लगाने के फैसले के बाद गर्माई सियासत के बीच पूर्व मंत्री आजम खां अचानक बृहस्पतिवार को अंबेडकर पार्क के सामने स्थित चौराहे पर पहुंच गए। सपाइयों के साथ यहां पहुंचे आजम ने इस दौरान प्रशासन के पूर्व के फैसले पर सवालिया निशान लगाया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रशासन ने हाईकोर्ट के ही नहीं बल्कि सुप्रीम कोर्ट के आदेशों काभी उल्लंघन किया है। कहा कि जौहर मार्ग पर स्वागत द्वार बन रहा था। तब कुछ लोग हाईकोर्ट गए। हाईकोर्ट ने स्वागत द्वार के पिलर से सौ मीटर के दायरे में किसी भी तरह के निर्माण पर रोक लगा दी थी। इसके अलावा उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का भी हवाला दिया। सुप्रीम कोर्ट ने भी हाईवे पर चौराहों पर किसी भी महापुरुष की प्रतिमा न लगाने का आदेश दिया है। प्रशासन ने हाईकोर्ट व सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का उल्लंघन किया है। कहा कि अब गड्ढे भरने से गड्ढे खोदने का गुनाह कम नहीं होगा। डीएम को हाईकोर्ट में जवाब देना होगा। यदि जरूरत पड़ेगी तो वह इसके खिलाफ सुप्रीम कोर्ट भी जाएंगे। उन्होंने डीएम पर सीधे तौर पर निशाना साधा। कहा कि डीएम कह रहे हैं उनको स्थगनादेश की जानकारी नहीं थी। डीएम का यह कहना है पूरी तरह गलत है। इस मौके पर स्वार टांडा के विधायक अब्दुल्ला आजम, पूर्व पालिकाध्यक्ष अजहर अहमद खां, जिला सहकारी बैंक के चेयरमैान सलीम कासिम, आसिम रजा, फसहात अली खां शानू, वीरेंद्र गोयल, ओमेंद्र सिंह चौहान आदि मौजूद रहे।