सांगला (किन्नौर)। जिले में दो दिन हुई बर्फबारी और बारिश से पूह और कल्पा में 18 ट्रांसफार्मर ठप हो गए हैं। इस वजह से क्षेत्र के हजारों लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कड़ाके की ठंड होने के कारण बिना बिजली के लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। बिजली बोर्ड खराब हुए ट्रांसफार्मरों की मरम्मत के कार्य में जुट गया है।
जानकारी के अनुसार पूह खंड में आठ और कल्पा खंड में 10 विद्युत ट्रांसफार्मर बारिश और बर्फबारी के बाद बंद पड़े हैं। बिजली गुल होने से पूह खंड के लिप्पा और कल्पा खंड के रक्षम और छितकुल के हजारों लोग परेशान हैं। सूचना मिलते ही विद्युत बोर्ड के कर्मचारी सोमवार को सुबह के समय खराब मौसम के बीच भी तकनीकी फॉल्ट को ढूंढकर ठीक करने में जुटे रहे। हालांकि देर शाम तक क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई थी और जिले के 18 ट्रांसफार्मर बंद थे। इसके चलते हजारों लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों से बारिश से समूचा जिला शीतलहर की चपेट में आ गया है। हालांकि सोमवार को जिले के सभी ग्रामीण रूटों पर एचआरटीसी की बसों की आवाजाही सुचारु रूप से होती रही। पथ परिवहन निगम के अड्डा प्रभारी रिकांगपिओ किन्नौर सुजान सिंह नेगी ने बताया कि जिले के सभी लंबे और ग्रामीण रूटों पर बसों की आवाजाही हो रही है।
विद्युत बोर्ड रिकांगपिओ के एक्सईएन टीसी नेगी ने कहा कि बर्फबारी होने से जिले की कई विद्युत लाइनों को क्षति पहुंची है। इसकी मरम्मत करने का हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही बाधित बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।