रामपुर। अब आपके गांव और आपके घर के करीब ही स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ होंगी। जिले में नेशनल मेडिकल मोबाइल यूनिट का शुक्रवार से शुभारंभ कर दिया गया। इस मेडिकल मोबाइल यूनिट में मरीज को उसके गांव में घर के निकट ही पेथौलॉजी जांच से लेकर परामर्श व दवाएं तक मिलेंगी।
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए सरकार ने बड़ा कार्य किया है। सरकार ने जिले में नेशनल मेडिकल मोबाइल यूनिट की सुविधा प्रदान की है। शुक्रवार को सीएमओ डा. सुबोध कुमार और एसीएमओ डा. एमसी गर्ग ने इस मोबाइल यूनिट का शुभारंभ किया। यह मेडिकल मोबाइल यूनिट सुबह से शाम तक विभिन्न ग्रामीण इलाकों में घूमेगी और ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेगी। सीएमओ डा. सुबोध कुमार ने बताया कि एडवांस मोबाइल यूनिट में रक्त जांच से लेकर अन्य स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हैं। जिसमें मरीज की जांच के बाद उसे चिकित्सक द्वारा देखा जाएगा और दवाएं भी निशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। पहले दिन मेडिकल मोबाइल यूनिट ने मिलक क्षेत्र के ज्योहरा गांव में ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण, पेथोलॉजिकल जांच व दवाएं वितरित की। इस मेडिकल मोबाइल यूनिट में डा. तौफीक अहमद, फार्मासिस्ट दिलशाद अहमद, स्टाफ नर्स शिवम और लैब टेक्नीशियन श्यामपाल ड्यूटी देंगे। मेडिकल मोबाइल यूनिट सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक घूमेगी। पहले दिन मेडिकल यूनिट ने 15 ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाएं दी।