रामपुर। पुलवामा आतंकी हमले में शहीद सीआरपीएफ जवानों के परिजनों को आयुर्जीवनम सेवा समिति आजीवन सात बिंदुओं पर सहयोग करेगी। जिसमें सरकारी योजनाओं और घोषणाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रयास करने से लेकर लगातार परिजनों से संपर्क कर उनकी समस्याओं का समाधान कराना शामिल है। इसके लिए समिति के अध्यक्ष ने महानिदेशक सीआरपीएफ को पत्र भेजा है।
पुलवामा आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर दिया था। हमले में शहीद जवानों को करीब दो सप्ताह तक लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित की और आतंकवाद के खिलाफ पूरे देश में रोष व्याप्त हो गया। भारत सरकार की छूट के बाद वायुसेना की एयर स्ट्राइक में हमले से जुड़े संगठन जैश ए मोहम्मद के आतंकी ठिकानों को तबाह करने के बाद लोगों का रोष कुछ कम हुआ है। लेकिन आतंकवाद और पाकिस्तान के खिलाफ आज भी पूरे देश में कार्रवाई की आवाज उठ रही है। इस बीच आयुर्जीवनम सेवा समिति ने पुलवामा शहीदों के परिजनों की मदद को नई पहल की है। जिसमें समिति ने आजीवन परिजनों की सहायता करने के लिए महानिदेशक सीआरपीएफ को पत्र लिखा है।