रामपुर। बागपत जेल में मुन्ना बजरंगी की हत्या के बाद प्रदेश भर की जेलों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। रामपुर में जेल प्रशासन ने सोमवार को जेल में बंद बंदियों व कैदियों की तलाशी ली। इससे जेल में खलबली मची रही।
बागपत में सोमवार की सुबह डॉन मुन्ना बजरंगी की जेल में ही हत्या कर दी गई। जेल में मुन्ना बजरंगी की हत्या की खबर के बाद डीजी जेल ने प्रदेश भर की जेलों में सतर्ककता बढ़ाने के आदेश जारी कर दिए। प्रदेश की सभी जेलों में सुरक्षा व्यवस्था को भी चाक चौबंद रखने के भी निर्देश दिए गए हैं। इस निर्देश के बाद रामपुर जेल में भी जेल प्रशासन ने बंदियों व कैदियों की तलाशी ली। साथ ही इस दौरान उनकी बैरकों को भी खंगाला गया। चेकिंग अभियान से खलबली मची रही। इस दौरान हालांकि जेल प्रशासन ने कोई भी आपत्तिजनक वस्तु के न मिलने की बात कही है। जेल अधीक्षक एके सलोनिया ने बताया कि जेल प्रशासन बंदियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर है। जेल में किसी भी तरह की कोई आपत्तिजनक वस्तु न पहुंचे इसके लिए तलाशी अभियान भी चलाया गया। इस दौरान कोई भी आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली है। जेल की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।