रामपुर बुशहर।
रामपुर पीजी कॉलेज में अभिभावकों का कोरम पूरा न होने से पीटीए की बैठक स्थगित कर दी गई है। एक सप्ताह के भीतर नई पीटीए कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। सूचना के बाद भी अभिभावकों के बैठक में मौजूद न होने पर चिंता जताई गईग्। छात्र हित और कॉलेज के विकास के लिए कार्य करने वाली पीटीए की बैठक में हर वर्ष विद्यार्थियों के अभिभावक बैठक में अधिक रुचि नहीं दिखा रहे।
रामपुर पीजी कॉलेज में बुधवार को पीटीए की बैठक सुनिश्चित की गई थी। इसमें कॉलेज के विकासात्मक कार्यों, छात्र हित के मुद्दों, पीटीए के आय-व्यय का लेखा जोखा प्रस्तुत करने के साथ- साथ नई पीटीए कार्यकारिणी का गठन किया जाना था। लेकिन बैठक में करीब पांच हजार विद्यार्थियों के केवल 50-60 अभिभावक ही पहुंच पाए। अभिभावकों की संख्या कम होने के कारण कोरम पूरा नहीं हो पाया और पुरानी कार्यकारिणी भंग कर नई का गठन नहीं हो पाया। रामपुर कॉलेज में हर वर्ष पीटीए की बैठक में आना अभिभावक उचित नहीं समझते। इससे सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि वे अपने बच्चों के भविष्य को लेकर कितने चिंतित हैं। कॉलेज की समस्याओं और खामियों को पीटीए के माध्यम से उठाया जाता है। उधर, इस बारे में कॉलेज प्राचार्य पीसी कश्यप ने कहा कि पीटीए का कोरम पूरा न होने के कारण बैठक स्थगित कर दी गई। विधानसभा चुनाव के समाप्त होने के एक सप्ताह के भीतर ही पीटीए की बैठक आयोजित होगी।