जिले के 500 माध्यमिक विद्यालयों में प्रतिनियुक्ति पर आएंगे परिषदीय शिक्षक
रामपुर। जिले में माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को परिषदीय स्कूलों के शिक्षकों से दूर किया जाएगा। इसके लिए शासन ने आदेश जारी कर दिए हैं। जिले में करीब पांच सौ परिषदीय शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति माध्यमिक स्कूलों में की जाएगी। इसके लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
प्रदेश भर में माध्यमिक स्कूलों में शिक्षकों की कमी है। इससे इंटर कालेज और हाईस्कूलों में शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा है। शिक्षकों की इस कमी को दूर करने के लिए प्रदेश सरकार ने नौ हजार से अधिक परिषदीय स्कूलों में अतिरिक्त शिक्षकों को माध्यमिक स्कूलों में प्रतिनियुक्ति पर तैनाती के आदेश दिए हैं। इस संबंध में सोमवार को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में शासन के आदेश भी मिल गए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक ने जनपद के सभी माध्यमिक स्कूलों के प्रधानाचार्यों के साथ मीटिंग कर उनके स्कूलों में शिक्षकों के रिक्त पदों का ब्योरा मांगा है। इसके बाद इन रिक्त पदों पर प्रतिनियुक्ति के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा। शासन की मंजूरी के बाद परिषदीय स्कूलों में सरप्लस शिक्षकों को माध्यमिक स्कूलों में प्रतिनियुक्ति दी जाएगी। जिले में 34 राजकीय इंटर कालेज और मॉडल कालेज हैं। जबकि, नौ राजकीय हाईस्कूल हैं। इनमें 437 सहायक अध्यापकों के सापेक्ष मात्र 152 सहायक अध्यापक ही कार्यरत हैं।