एनएसए को एडवाइजरी कमेटी के सामने पेश हुए अफसर
रामपुर। टांडा में दो युवतियों के संग हुई छेड़खानी के मामले में दो आरोपियों पर एनएसए लगाने की कवायद तेज कर दी गई है। इस मामले में एडवाइजरी कमेटी के सामने पेश होकर डीएम-एसपी ने अपना पक्ष रखा। इस दौरान वायरल हुआ वीडियो भी पेश किया गया साथ ही अपने पक्ष को मजबूती से रखा। कमेटी ने अभी इस पर अपना फैसला नहीं दिया है।
टांडा में दो युवतियों के संग छेड़खानी की गई थी। आरोपियों ने छेड़खानी करने के साथ ही इसका वीडियो भी वायरल कर डाला था,जिसके बाद हड़कंप मच गया था। मामला मीडिया में आने के बाद हरकत में आई पुलिस ने इस मामले में 14 लोगों के खिलाफ छेड़खानी का मुकदमा कायम किया था। बाद में सभी आरोपियों को इस मामले में जेल भेज दिया था। जेल में बंद दो आरोपियों पर पुलिस एनएसए लगा रही है। इसकी स्थानीय स्तर पर कार्रवाई पूरी हो चुकी है,लेकिन एडवाइजरी बोर्ड की मंजूरी मिलना बाकी है। दो आरोपियों पर एनएसए लगाने के लिए डीएम शिव सहाय अवस्थी व एसपी डा.विपिन ताडा लखनऊ में एडवाइजरी बोर्ड के सामने पेश हुए। इस दौरान एडवाइजरी बोर्ड ने अपना पक्ष रखा। साथ ही वायरल वीडियो भी पेश किया। अफसरों ने दोनों आरोपियों पर जल्द से जल्द एनएसए लगाने के पुख्ता प्रमाण रखे। एसपी के मुताबिक अभी इस पर फैसला नहीं हुआ है।