रामपुर। बाट माप विभाग की ओर से की जा रही सर्वे के दौरान व्यापारियों ने अवैध वसूली का आरोप लगाकर हंगामा कर दिया। विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की, जिसके बाद बाट माप कर्मचारियों से गर्मागर्मी हो गई। नौबत हाथापाई तक आ गई, जिसके बाद पुलिस ने मामला शांत कराया।
मामला ज्वालानगर स्थित कुरैशी मार्केट का है। यहां रविवार को कुछ लोग बाट माप विभाग की ओर से सर्वे कर रहे थे। आरोप है कि दुकानदारों से मोहर लगाने के नाम पर दो सौ रुपये के स्थान पर आठ सौ रुपये वसूल रहे थे, जिसको लेकर व्यापारियों ने हंगामा कर दिया। नारेबाजी शुरु कर प्रदर्शन किया। नोंकझोक हो गई। हाथापाई तक बात पहुंच गई, जिसके बाद सूचना मिलते ही सिविल लाइंस थाने से पुलिस आ गई। पुलिस ने व्यापारियों को समझा बुझाकर मामला शांत कराया। व्यापारियों का कहना था बाट माप विभाग की फीस दो सौ रुपये है, लेकिन व्यापारियों से आठ सौ रुपये तक लिए जा रहे हैं। यह गलत है। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के नगराध्यक्ष कमल किशोर रस्तोगी ने बताया कि व्यापारियों का उत्पीड़न किया जा रहा है। अवैध वसूली हो रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।