भारत-बांग्लादेश के मैच पर टिकी रहीं क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें
रामपुर। भारत-बांग्लादेश के बीच हुए आईसीसी चैंपियंस ट्राफी के सेमीफाइनल मैच को लेकर पूरे दिन क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह रहा। क्रिकेट प्रेमी पूरे दिन टीवी से चिपके रहे और मैच का आनंद लिया। हर किसी को सेमीफाइनल में जीत के साथ फाइनल में पाकिस्तान से मुकाबले का इंतजार था।
बृहस्पतिवार को आईसीसी चैंपियंस ट्राफी का सेमीफाइनल मैच भारत-बांग्लादेश के बीच खेला गया। बांग्लादेश की टीम द्वारा पहले बल्लेबाजी करते हुए शुरुआत में सधी हुई पारी ने क्रिकेट प्रेमियों को कुछ चिंता जरूर दी। शुरुआती 25 ओवरों के खेल तक बांग्लादेश के अधिक विकेट न गिरने और पांच से अधिक के रन रेट ने मैच में बांग्लादेश की पकड़ को मजबूत बनता दिखाया। तमीम इकबाल और मुशीफिकुर रहीम के शानदार अर्द्धशतक ने टीम को मजबूती दी। लेकिन, 32वें ओवर के बाद पलटी बाजी ने क्रिकेट प्रेमियों के चेहरे पर खुशी बिखेर दी। बांग्लादेश ने भारत को जीत के लिए 265 रन का लक्ष्य दिया। भारतीय बल्लेबाजों की शुरुआत ने क्रिकेट प्रेमियों को टीवी से चिपका दिया। सेवा क्रिकेट क्लब के दीपक शर्मा कहते हैं कि शिखर धवन भले ही अर्द्धशतक से चूक गए लेकिन, उनकी आतिशी पारी ने टीम को मजबूत शुरुआत दी। डीसीसी के सत्येंद्र ने कहा कि रोहित शर्मा का पूरे टूर्नामेंट में बेहतर प्रदर्शन रहा है और बृहस्पतिवार को भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया। विराट कोहली ने भी कप्तानी पारी खेली। उन्हें तो बस फाइनल में चिर प्रतिद्वंदी पाकिस्तान से मुकाबले का इंतजार है।