अमर उजाला ब्यूरो
चौपाल(रोहड़ू)। चौपाल में ले. हरि सिंह मेमोरियल खेलकूद प्रतियोगिता के शुभारंभ शहरी विकास एवं आवास मंत्री सुधीर शर्मा ने किया। इस दौरान सुधीर ने चौपाल में 9.65 लाख की लागत से बने नगर पंचायत भवन का लोकार्पण किया तथा 91 लाख की लागत से बनने वाले पार्क की आधारशिला भी रखी।
इस मौके पर जनसभा को संबोधित करते हुए सुधीर शर्मा ने कहा कि हिमाचल में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से नेतृत्व में कांग्रेस सरकार एक बार फिर से सत्ता में आएगी। चौपाल से निरंतर कांग्रेस पार्टी व कांग्रेस विचारधारा के उम्मीदवार जीतते आए हैं। सुधीर शर्मा ने इस मौके नगर पंचायत चौपाल में पार्किंग के लिए डेढ़ करोड़, सार्वजनिक पार्क के लिए 91 लाख, नगर पंचायत चौपाल की सड़कों पर टाइलें बिछाने के लिए 65 लाख, सार्वजनिक शौचालय के लिए दस लाख, वार्ड नंबर 1 में एंबुलेंस रोड के लिए पांच लाख, नगर पंचायत बैठक कक्ष के लिए बीस लाख, ब्राह्मण सामुदायिक भवन के लिए पांच लाख देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत चौपाल में सीवरेज के लिए 51 लाख रुपये पहले से ही स्वीकृत है। उसकी जल्दी डीपीआर तैयार करने के लिए आईपीएच को निर्देश दे दिए गए हैं।
पहले दिन आयोजित वालीबाल स्पर्धा के लीग मैच में साई संगरूर ने स्पोर्ट्स क्लब चौपाल को हराया। दूसरे मैच में एचएसआईडीसी पंचकूला ने नार्थ वेस्ट रेलवे जयपुर को हराया। तीसरे मैच में आईटीबीपी ने स्पोर्ट्स क्लब चौपाल को हराया। इस अवसर पर मार्केटिंग कमेटी के अध्यक्ष डॉ. सुभाष मंगलेट, स्पोर्ट्स क्लब चौपाल के अध्यक्ष रजनीश किमटा, नगर पंचायत अध्यक्ष चंद्रमोहन ठाकुर, कांग्रेस जिला महासचिव धीरेंद्र चौहान, डॉ. एसपी कत्याल, यशपाल तनाईक, रोशन लाल किमटा, जगदीश जिंटा, सबला राम चौहान, शांता जंदेव, अनिता किमटा, विना पोटन, रमेश चमटा, व्यापार मंडल अध्यक्ष राजेश चंदेल भी उपस्थित थे।