रामपुर। लोकसभा चुनाव खत्म होने के बाद प्रशासन ने आंकड़ों का मिलान कर लिया है। जिले में 63.45 फीसदी मतदान हुआ, जिसमें सबसे ज्यादा वोट बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र में पड़े। वहां के 69.28 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
लोकसभा चुनाव के लिए रामपुर में मंगलवार को मतदान हुआ था, जिसके बाद रात तक ईवीएम मशीनों के जमा होने का सिलसिला चला। मशीनें जमा कराने के बाद अफसरों जे आंकड़ों का मिलान किया। इसके बाद मतदान की सही जानकारी सामने आई। जिले में कुल 63.45 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। 1678175 मतदाताओं में से 1064844 लोगों ने मतदान किया। सबसे ज्यादा बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र में पड़े, जहां 69.28 फीसदी लोगों ने वोट डाले। इसके अलावा स्वार विधानसभा क्षेत्र के 68.43 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया और जिले में दूसरे नंबर पर रही। तीसरे नंबर पर मिलक विधानसभा क्षेत्र रहा जहां 65.38 प्रतिशत लोगों ने मतदान किया। इसके बाद चमरौआ विधानसभा क्षेत्र में 63.56 फीसदी लोगों ने वोट डाले। सबसे कम मतदान शहर विधानसभा क्षेत्र में हुआ, जहां सिर्फ 52.79 फीसदी लोगों ने मतदान किया।