सड़क को लेकर भड़का गुस्सा, पहाड़ी गांव में हंगामा
रामपुर। खड़ंजे पर सीसी रोड डाले जाने को लेकर प्रधान और पूर्व प्रधान पक्ष के लोग आमने- सामने आ गए। इस दौरान जमकर हंगामा हुआ। मामले की जानकारी पाकर मौके पर पहुंचे अफसरों ने किसी तरह मामला शांत किया।
मामला शहरी सीमा से सटे पहाड़ी गांव का है। यहां पर एक खड़ंजे को लेकर उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया जब यहां प्रधान और पूर्व प्रधान पक्ष के लोग आमने सामने आ गए। प्रधान पक्ष का आरोप था कि यहां खड़ंजे पर सीसी रोड डाली जानी है,जिसकी मंजूरी हो चुकी है,लेकिन पूर्व प्रधान इसका विरोध कर रहा है। आरोप है कि वह सरकारी जमीन पर कब्जा करना चाहता है। इसी मुद्दे को लेकर गुरुवार को हंगामा खड़ा हो गया। गुरुवार को गुस्साए लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। इस बीच मामले की जानकारी पाकर सिटी मजिस्ट्रेट ओमप्रकाश पुलिस के संग यहां पहुंचे और हंगामा कर रहे लोगों को शांत किया। राजस्व विभाग की जांच में केमरी मार्ग से स्कूल तक की आबादी तक 25 साल पुराना है। इस दौरान पूर्व प्रधान की अफसरों से झड़प हुई। प्रधान वीरवती का कहना था कि खड़ंजे के किनारे पर तालाब होने के कारण खड़ंजा एक साइड से कट गया है और कटने के बाद उसमें सभी पुरानी ईेंट लगी हुई लगी देखी जा सकती हैं। प्रधान ने अवैध कब्जे हटाने की मांग रखी है। सिटी मजिस्ट्रेट ओमप्रकाश केमुताबिक मामले के दस्तावेजों की जांच कराई जा रही है। फिलहाल मामला शांत करा दिया है।