प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था में सुधार को छापे मारेगी टास्क फोर्स
रामपुर। योगी सरकार ने प्राथमिक शिक्षा में सुधार के लिए टास्क फोर्स का गठन किया है। शासन से लेकर जिला व तहसील स्तर तक गठित यह टास्क फोर्स स्कूलों में छापेमारी करेगी। इसके लिए अफसरों को न्यूनतम निरीक्षण का टारगेट भी दिया गया है। इस बीच कोई अनियमितता मिली, तो सीधे कार्रवाई होगी।
सूबे की प्राथमिक शिक्षा का बुरा हाल है। दिन व दिन स्कूलों में बच्चों की संख्या में गिरावट हो रही है। आलम यह है कि शिक्षक तक स्कूल नहीं जाते हैं। लिहाजा, प्राथमिक शिक्षा का स्तर निरंतर गिरता जा रहा है। ऐसे में सूबे में सत्ता परिवर्तन के बाद अब प्राथमिक शिक्षा के स्तर को सुधारने की कवायद शुरू कर दी गई है। इसके लिए योगी सरकार ने स्कूलों में छापेमारी का विस्तृत प्लान तैैयार किया है। शासन, जिला व तहसील स्तर पर स्कूलों के औचक निरीक्षण के लिए टास्क फोर्स का गठन किया गया है। यह टास्क फोर्स नियमित रूप से स्कूलों में छापेमारी करेगी। इस दौरान टास्क फोर्स स्कूल की शैक्षिक गुणवत्ता, मिड्डे मील वितरण की स्थिति और गुणवत्ता, शिक्षकों की उपस्थिति, छात्र संख्या, स्कूल भवन की स्थिति व बच्चों को मिलने वाली अन्य योजनाओं का लाभ आदि तमाम बिंदुओं को लेकर निरीक्षण करेगी। इसके बाद जिला स्तरीय व तहसील स्तरीय टास्क फोर्स रिपोर्ट तैयार कर जिला बेसिक शिक्षाधिकारी को प्रेषित करेेगी। बीएसए इस रिपोर्ट को शासन को भेज देंगे। इस बीच कहीं कोई कमी मिली, तो सीधे कार्रवाई की जाएगी।