वाद-विवाद व भाषण प्रतियोगिता के साथ लोकनृत्यों का आयोजन
रामपुर। केंद्रीय विद्यालय में आयोजित की जा रही संकुल स्तरीय सामाजिक विज्ञान प्रदर्शनी में दूसरे दिन भी कई प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जिसमें प्रमुख रूप से वाद-विवाद, भाषण, काव्य पाठ व लोकनृत्य शामिल रहा।
दूसरे दिवस के कार्यक्रमों की शुरुआत प्रधानाचार्या हुस्ना बानो व स्काउट-गाइड कलर पार्टी द्वारा निर्णायक मंडल के स्वागत के साथ की गई। हिन्दी व अंग्रेजी वाद-विवाद प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने एक भारत श्रेष्ठ भारत विषय पर बेहतर ढंग से अपनी बात प्रस्तुत की। इसके बाद सामाजिक विज्ञान मौखिक प्रश्नोत्तरी व हिन्दी काव्य पाठ का आयोजन किया गया। प्रश्नोत्तरी में छात्र-छात्राओं ने काफी तत्परता से सवालों का जवाब दिया। वहीं हिन्दी काव्य पाठ में प्रसिद्ध कवियों की रचनाओं का पाठ कर देश की एकता व अखंडता का संदेश दिया। इसके बाद संस्कृत श्लोक पाठ का आयोजन हुआ। बच्चों ने संस्कृत श्लोकों का सटीक व सही उच्चारण के साथ पाठ किया। अंत में सामूहिक नृत्य का आयोजन हुआ। जिसमें अरुणाचल प्रदेश के एक लोक नृत्य पर संगीत शिक्षिका समेत 13 छात्राओं ने प्रस्तुति दी। इस दौरान मुख्य अतिथि डीआईजी सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर प्रवीण कुमार, विशिष्ट अतिथि रीना जासवाल, गाजियाबाद केंद्रीय विद्यालय के प्रधानाचार्य विजय कुमार, अर्चना, प्रीति, डा. शोभा अग्रवाल, लक्ष्मण शुक्ल, सोनाली मित्रा, नौशीन खान, अनीता, भूमिश पाठक, अरविंद शर्मा, वंदना, कुमकुम, जेपी आर्या, निशा, विजय राठौर, प्रदीप आदि मौजूद रहे।