तीन करोड़ के घोटाले का मुद्दा उठाने वाले एई के तबादले की सिफारिश
रामपुर। ढकिया- शाहबाद रोड के निर्माण में हुए तीन करोड़ के घोटाले में गर्दन फंसती देख अफसरों ने आरोप लगाने वाले सहायक अभियंता पर ही शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। अब अफसरों ने प्रशासनिक आधार पर एई के तबादले की सिफारिश की है।
पीडब्ल्यूडी में तैनात सहायक अभियंता महेंद्र सिंह ने विभाग के अफसरों और कर्मचारियों पर करोड़ों का घोटाला करने के आरोप लगाए हैं। इसके बाद से अफसरों में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं, एई की शिकायत के बाद कमिश्रर ने डीएम को जांच कराने के आदेश दिए थे, इसके बाद डीएम ने जांच के लिए ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता के नेतृत्व में तीन सदस्यीय कमेटी का गठन कर दिया। डीएम ने पंद्रह दिनों में जांच पूरी कर रिपोर्ट मांगी थी, लेकिन अभी जांच भी शुरू नहीं हो सकी है। वहीं, जांच से पहले ही आरोप लगाने वाले सहायक अभियंता के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी गई है। एक्सईएन ने प्रशासनिक आधार पर एई महेन्द्र सिंह का तबादला करने की सिफारिश की है। अधीक्षण अभियंता ने सिफारिश को आगे बढ़ा दिया है। दरअसल, इस पूरे मामले में विभाग के 17 इंजीनियर और कई कर्मचारियों की गर्दन फंस सकती है। एक्सईएन संजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि कर्मचारियों की मांग पर तबादले की सिफारिश की है।