सेतु निगम के एक्सईएन का वेतन रोकने के आदेश
रामपुर। विकास कार्यों की समीक्षा बैठक से सेतु निगम के एक्सईएन गायब रहे। जिसके बाद जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी ने उनका वेतन रोकने के आदेश दिए हैं। इसके अलावा उन्होंने विकास कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अन्य अफसरों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक में विभिन्न विभागों की विकास योजनाओं से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई। डीएम ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि कार्यों की गुणवत्ता में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में अनुपस्थित रहने पर अधिशासी अभियंता सेतू निगम का एक दिन का वेतन काटने के आदेश दिए। गांव में कैंप लगाकर किसान योजना के अंतर्गत किसानों का पंजीकरण करायें। यह कार्य एक माह में पूर्ण कराने के साथ ही डीबीटी के अंतर्गत बीज वितरण में लक्ष्य के सापेक्ष कम पाये जाने पर उप कृृषि निदेशक तथा जिला कृृषि अधिकारी को चार्जशीट देने के निर्देश दिये गये। समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य विभाग की एंबुलेंस की स्थिति तथा प्राप्त कॉल के बाद मरीजों तक पहॅुचने में लगा समय एवं अस्पतालों में जीवन रक्षक दवाओं की उपलब्धता की जानकारी ली गई। जिलाधिकारी ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि आश्रम पद्धति स्कूलों में हर सप्ताह एक बार अवश्य भ्रमण करें । अवस्थी ने जनपद में विद्युत आपूर्ति, ग्रामों में 6173 नये विद्युत कनेक्शन तथा विद्युत संयोजन के कार्य में प्रगति कम पाये जाने पर अधिशासी अभियंता विद्युत पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत दूसरी किस्त के न जारी करने पर कहा कि संबंधित खंड विकास अधिकारी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।