रामपुर बुशहर।
शिक्षा विभाग की लापरवाही से इस बार उपमंडल स्तर पर आयोजित हो रहे चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस में रामपुर और आसपास के क्षेत्रों के दर्जन भर स्कूल हिस्सा नहीं ले पाएंगे। उपमंडल स्तर का यह चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस कार्यक्रम वीरवार से दत्तनगर में शुरू होगा। जिला स्तर पर इस कार्यक्रम की तिथियां पहले से ही तय हो गई हैं। हर उपमंडल स्तर पर यह प्रतियोगिता आयोजित हो रही है। ऐसे में तैयारी करने वाले छात्रों में भी मायूसी है।
शिक्षा विभाग की लापरवाही से अधिकतर स्कूलों को अभी तक इस कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए पत्र ही नहीं मिले हैं। ऐसे में स्कूल प्रबंधन का कहना है कि जब उन्हें सूचित ही नहीं किया गया तो इस प्रतियोगिता में कैसे हिस्सा ले सकते हैं। प्रतियोगिता के लिए विद्यार्थी शुरू से ही तैयारियां करते हैं। चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस में हिस्सा लेने के लिए मॉडल तैयार किए जाते हैं, जिसमें समय लगता है। लेकिन यहां पर तो स्थिति यह है कि प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए अभी तक जानकारी नहीं मिली है। चिल्ड्रन कांग्रेस प्रतियोगिता में रामपुर, कुमारसैन, सराहन ब्लॉक के स्कूल हिस्सा ले रहे हैं। इन तीनों ब्लॉकों में 40 से अधिक स्कूल हैं। चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस के समन्वयक खेमचंद ने बताया कि स्कूल प्रबंधन को प्रतियोगिता संबंधी हिस्सा लेने के लिए शिक्षा विभाग की ओर से सूचित किया जाता है।