आनी (कुल्लू)। बेमौसम बर्फबारी ने निरमंड क्षेत्र के बागवानों की कमर तोड़कर रख दी है। जिला प्रशासन की आकलन के मुताबिक यहां बागवानों को करीब 12 करोड़ का नुकसान हुआ है। इस संबंध में प्रशासन ने रिपोर्ट बनाकर प्रदेश सरकार को भेज दी है। करीब साढ़े आठ हजार फीट से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सेब फ्लावरिंग के समय गिरी भारी बर्फबारी ने सेब की सेटिंग प्रभावित हुई है, वहीं अधिकतर स्थानों पर बागवानों के पौधे जमीन से उखड़ गए हैं।
प्रशासन की रिपोर्ट के अनुसार निरमंड ब्लॉक में करीब 12 करोड़ रुपये के नुकसान का आकलन किया गया है। इसमें सेब की फसल को करीब 11 करोड़, 84 लाख रुपये की भारी चपत लगी है। जबकि गंदम और मटर की फसल को भी नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा विस क्षेत्र के आनी ब्लॉक में हुए नुकसान की रिपोर्ट चार दिनों में तैयार की जाएगी। बागवानों को उम्मीद है कि क्षेत्र में हुए नुकसान के एवज में सरकार की तरफ से किसान-बागवानों को राहत मिलेगी।
तहसीलदार निरमंड देवी सिंह का कहना है कि निरमंड ब्लॉक में हुए बर्फबारी से जो नुकसान हुआ है, उसकी एक रिपोर्ट तैयार कर भेजी गई है। उन्होंने कहा कि निरमंड ब्लॉक में करीब 12 करोड़ रुपये का नुकसान आंका गया है।