स्वार (रामपुर)। कोतवाली पुलिस ने सोमवार की शाम ट्रक में ठूंस-ठूंसकर फैजाबाद से लाई गईं 12 भैंस बरामद की हैं। साथ पांच तस्करों को मौके से गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 3/11 में मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया है।
सोमवार की शाम उपनिरीक्षक वीरेश कुमार शुक्ला के नेतृत्व में पुलिस ने बिलासपुर मार्ग पर पेट्रोल पंप के पास एक ट्रक को रोककर तलाशी ली तो ट्रक में 12 भैंसें ठूंसकर भरी थीं। इनमें कई भैंसे नीचे गिरी पाई गईं जो चोटिल अवस्था में मिलीं। पुलिस ने ट्रक के चालक गुलफाम निवासी हुरमतनगर बिलासपुर, शादाब निवासी नरपतनगर, इंतजार निवासी अगलगा, मोहसि निवासी कुम्हरिया परचई, थाना अजीमनगर और इस्तखार निवासी अगलगा, स्वार को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि ये भैंसें फैजाबाद (अयोध्या) से खरीदकर लाई गई थीं। कोतवाल प्रदीप कुमार मलिक ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर, न्यायालय में चालान कर दिया गया है।